UP : घरेलू विवाद में एक शख्स ने पत्नी की हत्या करने के बाद खुद को मारी गोली, सदमे में छोटे भाई की मौत

KESHARI NEWS24

उत्तर प्रदेश में अलीगढ़ जिले में घरेलू विवाद में एक शख्स ने पत्नी की हत्या करने के बाद खुद को भी गोली मार ली। थोड़ी देर बाद छोटे भाई ने भी गोली मारकर सुसाइड कर ली। जब तक पुलिस मौके पर पहुंची, दोनों भाईयों की मौत हो चुकी थी। वहीं, महिला की सांसें चल रही थीं। उसे अस्पताल ले जाया गया, लेकिन रास्ते में उसकी भी मौत हो गई। घटना बन्ना देवी थाना क्षेत्र की है। वारदात से पहले शख्स ने फेसबुक लाइव किया था। इसमें उसने कहा था कि वह घर वालों से परेशान है। वह सुसाइड करने जा रहा है। लेकिन उसके छोटे भाई ने सुसाइड क्यों किया? इसका जवाब अभी नहीं मिल सका है।  

युवक ने पड़ोसी युवती से की थी लव मैरिज
बरौला निवासी बाबूलाल वर्मा के तीन बेटे हैं। उनका बड़ा बेटा परिवार के साथ अलग रहता है। जबकि, शैलेंद्र और विशाल माता-पिता के साथ रहते थे। शैलेंद्र ने बीफार्मा कर रखा था। वह अपना मेडिकल स्टोर चला रहा था। शैलेंद्र ने पड़ोस में रहने वाली पिंकी वर्मा से करीब डेढ़ साल पहले लव मैरिज की थी। घर में अक्सर इस बात को लेकर विवाद होता था। शाम को शैलेंद्र का मां से किसी बात को लेकर विवाद हुआ। लोगों के समझाने के बाद मामला शांत हो गया। 

फेसबुक लाइव में बोला- मैं सुसाइड कर रहा हूं

इसके बाद शैलेंद्र ने फेसबुक पर एक वीडियो संदेश अपलोड किया। इसमें उसने कहा कि मैं सुसाइड कर रहा हूं। अपने मन से कर रहा हूं। क्योंकि, घरवालों से परेशान हो गया हूं। अब मैं जी नहीं सकता। मेरे पास कोई जवाब नहीं है। इतना कहने के बाद शैलेंद्र ने पहले पत्नी पिंकी को गोली मार दी। फिर खुद पर भी फायर कर सुसाइड कर ली। इसके बाद घर में तीसरी गोली चली, जो शैलेंद्र के छोटे भाई विशाल को लगी थी। विशाल और शैलेंद्र ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। वहीं, महिला की अस्पताल ले जाते समय रास्ते में मौत हुई। पुलिस ने तीनों शवों को पोस्टमाॅर्टम के लिए भेज दिया है।  

सभी तथ्यों पर जांच होगी: एसपी क्राइम
पुलिस अधीक्षक अपराध डॉ. अरविंद ने बताया कि प्राथमिक जांच में पता चला है कि घरेलू विवाद में पति-पत्नी के बीच विवाद हुआ था। इसके बाद पहले पति ने पत्नी की गोली मारकर हत्या कर दी। इसके बाद उसने भी खुदकुशी कर ली। वहीं, छोटा भाई छत पर गया और उसने भी गोली मार ली। मौके से दो तमंचा और तीन खोखा कारतूस 315 बोर के मिले हैं। यह सुसाइड का मामला है। 

#buttons=(Accept !) #days=(20)

Our website uses cookies to enhance your experience. Learn More
Accept !